साल 2025 के आखिरी दिन बुधवार को राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चपेट में नजर आई. घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा, जहां सुबह से ही बेहद कम विजिबिलिटी के चलते कुल 300 से अधिक फ्लाइट्स पर असर पड़ा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार 148 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 78 आगमन और 70 प्रस्थान शामिल हैं, जबकि करीब 200 उड़ानें देरी से संचालित हुईं और 2 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा.
एयरलाइंस ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. एयरलाइंस ने यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जांचने की अपील की है.
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट ने बताया कि घने कोहरे के कारण उड़ानों का संचालन CAT III प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है, जिससे देरी या रद्दीकरण की संभावना बनी हुई है. एयरपोर्ट की ओर से कहा गया, ‘हमारी ग्राउंड टीमें मौके पर मौजूद हैं और यात्रियों की मदद कर रही हैं. ताजा जानकारी के लिए यात्री अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें. असुविधा के लिए हमें खेद है.’
रेल सेवाएं भी प्रभावित, स्टेशनों पर यात्री परेशान
कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी देखने को मिला. कई रूटों पर ट्रेनें देरी से चलीं, जिससे राजधानी के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और इंतजार बढ़ गया. खराब विजिबिलिटी के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी रही.
दिल्ली की हवा भी बेहद खराब
कोहरे के साथ-साथ दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी कोई सुधार नहीं दिखा. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के Sameer ऐप के अनुसार, बुधवार सुबह 6:05 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 383 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है और ‘गंभीर’ स्तर के करीब पहुंच चुका है.
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन और एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले फ्लाइट और ट्रेन की स्थिति की जांच करें और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा की योजना बनाएं, ताकि कोहरे के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सके.



